रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलोग्राम प्रतिबंधित नकली (एनालॉग) पनीर की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई रायपुर रेलवे स्टेशन पर की गई, जहां से नकली पनीर को राज्य के अलग-अलग जिलों और बाजारों में भेजने की तैयारी थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर जांच की और संदिग्ध पनीर की खेप को जब्त कर लिया।
बाजारों में खपाने की थी योजना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नकली पनीर को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भेजने की तैयारी थी। अधिकारियों के अनुसार, यह पनीर आम पनीर की तरह दिखता है, लेकिन इसे दूध से तैयार नहीं किया जाता, जिसके कारण स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित है एनालॉग पनीर
खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत छत्तीसगढ़ में एनालॉग या सिंथेटिक पनीर की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे उत्पादों की बिक्री और सप्लाई पर खाद्य विभाग लगातार नजर रख रहा है।
आगे की कार्रवाई जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किए गए पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी तुरंत विभाग को दें।



