Trending

छत्तीसगढ़ को रेलवे की बड़ी सौगात कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन को मिली मंजूरी, 295 किमी ट्रैक पर बनेंगे 27 नए स्टेशन

Table of Content

रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने बहुप्रतीक्षित कटघोरा–डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति दे दी है। करीब 295 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन का निर्माण रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) के माध्यम से किया जाएगा। परियोजना के तहत 27 नए रेलवे स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जिससे राज्य के कई ऐसे क्षेत्रों को पहली बार रेल संपर्क मिलेगा जहां अब तक रेलवे सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

नई दिल्ली में गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की लंबित रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके क्रियान्वयन के लिए एक स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) का गठन किया जाएगा।यह रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी। परियोजना से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, साथ ही व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

रावघाट–जगदलपुर रेल लाइन पर भी तेज होगी रफ्तार

बैठक में रावघाट–जगदलपुर रेल लाइन परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लगभग 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। निर्माण शुरू होने के बाद बस्तर संभाग की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

तीन नई रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का आग्रह

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री से राज्य की तीन महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इनमें शामिल हैं—

  • सरडेगा–पत्थलगांव–अंबिकापुर रेल लाइन (244 किमी)
  • धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल लाइन (301 किमी)
  • अंबिकापुर–बरवाडीह रेल लाइन (200 किमी)

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही पर्यटन, खनिज परिवहन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बस्तर की दो बड़ी परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में किरंदुल–कोठागुडेम (180 किमी) और गड़चिरोली–बीजापुर–किरंदुल (बचेली) (490 किमी) रेल परियोजनाओं के सर्वे कार्य की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का सर्वे जल्द पूरा कर आगे की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया।

रेल मंत्री ने दिया प्राथमिकता का भरोसा

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि लगभग एक सदी पुरानी मांग रही कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन को अब नई गति मिली है और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर इसे जल्द धरातल पर उतारेंगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ रेलवे अधोसंरचना विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेल परियोजनाएं राज्य के औद्योगिक विकास, कृषि, पर्यटन, खनिज परिवहन और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

Anjali

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved