छत्तीसगढ़: के बिलासपुर जिले में लंबे समय से फरार चल रहे चिटफंड आरोपी चैतराम केवट को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा और बेहतर रिटर्न का लालच देकर निवेश कराने और बाद में उनकी मेहनत की कमाई हड़पने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मल्हार क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर बीएन गोल्ड कंपनी से जुड़े चिटफंड मामले में धोखाधड़ी के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी निवेशकों को कम समय में पैसा दोगुना करने और बड़ा लाभ दिलाने का सपना दिखाकर कंपनी में निवेश करवाता था।
कई जिलों में दर्ज हैं धोखाधड़ी के मामले
- पुलिस के मुताबिक, चैतराम केवट के खिलाफ बिलासपुर के अलावा मुंगेली, महासमुंद, सरगुजा और कांकेर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चिटफंड और धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
- आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। एक मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
- पुलिस लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान उसके क्षेत्र में आने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
- गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए तखतपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
निवेशकों को मिली उम्मीद
वर्षों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को चिटफंड मामलों में पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस कार्रवाई से उन निवेशकों को भी उम्मीद जगी है, जिन्होंने अधिक मुनाफे के लालच में अपनी जमा पूंजी निवेश की थी और बाद में कथित धोखाधड़ी का शिकार हो गए।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



