बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में पहचान का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने करीब 7 महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दानू मसीह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से शिकायतकर्ता की बाइक समेत एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
15 मिनट के लिए मांगी थी बाइक, फिर नहीं लौटाया
जानकारी के मुताबिक मुढ़ीपार निवासी कामदास मानिकपुरी 31 जनवरी 2026 को परसदा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बबलू गैरेज में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का परिचित दानू मसीह उनके पास पहुंचा और जरूरी काम का हवाला देकर उनकी हीरो HF डीलक्स बाइक क्रमांक CG 10 BT 0191 करीब 15 मिनट के लिए मांगकर ले गया।
लेकिन बाइक लेकर जाने के बाद आरोपी वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद जब बाइक नहीं मिली तो कामदास ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे थाने में भी बाइक चोरी का मामला
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि दानू मसीह के खिलाफ बलौदाबाजार जिले के भाटापारा थाना क्षेत्र में भी मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
23 अगस्त को पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
लगातार तलाश के बाद चकरभाठा पुलिस की टीम ने 23 अगस्त को दानू मसीह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शिकायतकर्ता की बाइक अपने पास होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता की बाइक के साथ एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी परिचित लोगों से जरूरत का बहाना बनाकर वाहन मांगता था और फिर वाहन लेकर फरार हो जाता था। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।



