सरिया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। ताजा मामला नगर के खजुरिया तालाब स्थित शिव मंदिर का है, जहां चोरों ने सोमवार की रात मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, सावन के दूसरे सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने खजुरिया तालाब स्थित शिव मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। मंदिर परिसर में स्थित भगवान श्रीराम और हनुमान जी के मंदिरों से चोरों ने घंटे और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले बर्तन व अन्य सामग्री चोरी कर ली।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह सामने आई, जिसके बाद मंदिर के पुजारी श्याम दास ने सरिया थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नंदलाल राठिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण शराप और वरिष्ठ पार्षद मोतीलाल स्वर्णकार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर समिति और जनप्रतिनिधियों से घटना की जानकारी लेते हुए जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
लगातार मंदिर बन रहे चोरों का निशाना
स्थानीय लोगों में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि चोर बार-बार धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब भी ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी इसी मंदिर में चोरी की घटना सामने आ चुकी है। इसके अलावा थाना परिसर के सामने स्थित रामचंडी मंदिर में भी पांच बार चोरी होने की बात सामने आई है। लोगों का आरोप है कि मंदिरों में हुई पिछली चोरी की घटनाओं में भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लगातार हो रही वारदातों के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।



