रैया। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल करते हुए 5 निरीक्षकों एवं 2 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार को थाना ऐरवाकटरा से स्थानांतरित कर थाना बिधूना का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं थाना अजीतमल में तैनात प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी को थाना बेला की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस फेरबदल को जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक आवश्यकताओं एवं बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
अन्य निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों की नई तैनाती के संबंध में भी आदेश जारी किए गए हैं। स्थानांतरित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध नियंत्रण, जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समय-समय पर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक बदलाव किए जाते रहेंगे।





