IT छापे में पूर्व विधायक के घर से मिले मगरमच्छ, बेनामी संपत्ति और सोना भी मिला, जानें पूरा मामला

Table of Content

Crocodile Found In IT Raid: मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। इनकम टैक्स की रेड में पूर्व विधायक के घर से दो मगरमच्छ बरामद हुए हैं। जानिए पूरा मामला।

Crocodile Found In IT Raid: मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। इनकम टैक्स की रेड में एक बीजेपी के पूर्व विधायक के हरवंश राठौर के घर से शुक्रवार(10 जनवरी) को दो मगरमच्छ बरामद हुए। आयकर अफसरों ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छों को रेस्क्यू किया। घर के तालाब में तीन और मगरमच्छ होने की संदेह है। इस मामले में वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आइए, परत दर परत समझते हैं आईटी रेड और मगरमच्छों की बरामदगी का पूरा माजरा क्या है।

आईटी की रेड में क्या क्या मिला?
बताया जा रहा है कि IT की टीम कारोबारी और पूर्व पार्षद राजेश केशरवानी के घर पर छापा मारने पहुंची थी। केशरवानी को पूर्व विधायक हरवंश राठौर का करीबी माना जाता है। इसी रेड के दौरान मरगमच्छ मिले। मगरमच्छ जिस घर से बरामद हुए हैं वह बीजेपी के पूर्व एमएलए हरवंश राठौर की है। हरवंश सिंह राठौर के ठिकानों पर छापे में टैक्स चोरी से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं। साथ ही 200 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ हैं। सोना, नकदी और बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं। भाजपा से जुड़ाव रखने वाले कारोबारी केशरवानी के घर से 14 किलो सोना और 3.8 करोड़ रुपए नकद बरामद हुआ है।

मगरमच्छाें की बरमदगी से उलझा मामला
मगरमच्छों की बरामदगी से यह मामला और उलझ गया है। अधिकारी भी समझ नहीं पा रहे हैं कि इन मगरमच्छों को घर में क्यों रखा गया था। अधिकारियों ने अब तक इस बात की भी पुष्टि नहीं की है कि मगरमच्छ हरवंश सिंह राठौर के घर से बरामद हुए हैं या किसी और शख्स के घर से। इस मामले के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की कहानी की खूब चर्चा हो रही है। बता दें कि एक समय में राजा भैया के तालाब में भी मगरमच्छ मिले थे। यहां तक कहा गया था कि विधायक अपने दुश्मनों को मारने के बाद इन्हीं मगरमच्छों को खिला दिया करते थे।

वन विभाग बोला- अच्छी है मगरमच्छों की सेहत
मगरमच्छ मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर दो मगरमच्छों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। अधिकारियों ने बताया कि जिन दो मगरमच्छों को रेस्क्यू किया गया वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। जल्द ही मगरमच्छों को नौरादेही टाइगर रिजर्व की नदी में छोड़ा जाएगा। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल इन मगरमच्छों की सेहत जांची जा रही है। रेस्क्यू के बाद इन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जाएगा। साथ ही फारेस्ट अफसरों ने आशंका जताई है कि विधायक के बंगले के भीतर बने तालाब में तीन और मगरमच्छ हो सकते हैं।

स्थानीय लोगों में मचा हड़कंप, लोगों में तरह-तरह की चर्चा
घर में मगरमच्छ मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग हैरान हैं कि कोई अपने घर में मगरमच्छ क्यों रखेगा? लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। इलाके में चर्चा है कि मगरमच्छों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के किया जाता था। हालांकि, अधिकारियों ने अब तक इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है। वन विभाग और आयकर विभाग दोनों मिलकर इसके हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं। अब इस पर कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।

तालाब में जाल बिछाकर जांच करेगी फारेस्ट डिपार्टमेंट की टीम
वन विभाग के मुताबिक, मगरमच्छ संरक्षित जीवों की कैटेगरी में आते हैं। इन्हें घर में रखना गैरकानूनी है। अधिकारियों ने बताया कि तालाब में अभी तीन और मगरमच्छ होने की आशंका है। टीम ने तालाब में जाल बिछा दिया है। आज यानी कि शनिवार को पानी निकालकर तलाशी शुरू कर दी गई है। सभी मगरमच्छों को सुरक्षित रेस्क्यू कर नौरादेही टाइगर रिजर्व भेजा जाएगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी है। अब वन विभाग ही यह खुलासा करेगा कि मगरमच्छ गांव के तालाब तक कैसे पहुंचे, यहां इन्हें कौन लाया। साथ ही यह सवाल भी उठता है जब संरक्षित जीव को ऐसे रखा जा रहा था तो वन विभाग की नजर अब तक इस पर क्यों नहीं पड़ी?

Alisha Rana

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi 110001

Corporate office: Ring Road No-1, Near Bhatagaon Chowk, Raipur, Chhattisgarh
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 7217665040, 8269955023, 9630697505, 9650699189

Copyright © 2024 News Inc All Rights Reserved