कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में 26 दिन बाद बड़ा खुलासा हुआ है। सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी में हुई अंकित सोनवानी की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। आरोपी पत्नी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल हुआ था अंकित
जानकारी के मुताबिक, घटना 15 जुलाई की है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के सुभाष ब्लॉक में अंकित सोनवानी गंभीर हालत में मिला था। उसके पैर में चाकू से गहरा घाव लगा था और काफी खून बह रहा था। परिजन उसे तत्काल SECL अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया।
हालांकि, निजी अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया।
शराब को लेकर अक्सर होता था विवाद
अंकित की मौत के बाद उसकी बहन अंकिता समेत परिजनों ने पत्नी प्रिया पर गंभीर आरोप लगाए और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। परिजनों के मुताबिक, अंकित और प्रिया ने करीब एक साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों के बीच शराब पीने की बात को लेकर अक्सर विवाद होता था।
पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान प्रिया द्वारा कथित तौर पर अंकित के पैर में चाकू से वार किए जाने की बात सामने आई है।
खून का थक्का बनने में लगता था अधिक समय
जांच में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके शरीर में खून का थक्का सामान्य से अधिक समय में बनता था। पुलिस के अनुसार, उसकी पत्नी को भी इस बीमारी की जानकारी थी।
पैर में चाकू लगने के बाद लगातार रक्तस्राव होने से अंकित की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
26 दिन बाद दर्ज हुआ हत्या का मामला
घटना के करीब 26 दिन बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और प्रेम विवाह के महज एक साल बाद पति की मौत के मामले में पत्नी की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है।



