IPL सट्टा नेटवर्क का खुलासा, मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल समेत 3 गिरफ्तार

Date:

रायगढ़। जिले में अवैध क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने IPL 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के आरोप में मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी करीब चार महीने से फरार चल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को 21 अगस्त को आरोपियों के ठिकाने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।

सट्टा नेटवर्क से जुड़े थे आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानू बेरीवाल (32), मोहित संथालिया (19) और विजय कुमार देवांगन (43) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, IPL 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के मामले में पहले भी कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उनके तार मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस ने 9 अप्रैल 2026 को बोईरदादर स्थित शालिनी स्कूल रोड के पास एक प्रोविजन स्टोर में दबिश देकर दो लोगों को KKR और LSG के बीच खेले जा रहे IPL मुकाबले में हार-जीत पर ऑनलाइन दांव लगवाते पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने सानू बेरीवाल के लिए सट्टा संचालित करने की बात बताई थी।

इसके बाद 10 अप्रैल को पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा था। पूछताछ में उसके द्वारा भी लंबे समय से सानू बेरीवाल के लिए सट्टा संचालित करने और रकम का लेन-देन UPI के माध्यम से किए जाने की जानकारी दी गई थी।

UPI के जरिए होता था रकम का लेन-देन

पुलिस जांच में सामने आया कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़ी रकम का लेन-देन UPI के माध्यम से किया जाता था। मामले में चक्रधरनगर थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सानू बेरीवाल, मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

चार मोबाइल फोन जब्त

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने क्रिकेट सट्टे में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम बयान के आधार पर सानू बेरीवाल से दो मोटोरोला मोबाइल फोन, मोहित संथालिया से एक सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया है।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

पुलिस अब इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

CG Breaking: माता-पिता हत्याकांड का खुलासा, फरार बेटा गिरफ्तार

सरगुजा, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में...

रायपुर में चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 21 अगस्त 2026। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र...

PoJK में मानवाधिकार स्थिति पर UKPNP की चिंता, UN और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील

लंदन, 21 अगस्त 2026। पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर...