दुर्ग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। स्कूल बसों की जांच के दौरान दो चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पकड़े गए। ब्रीथ एनालाइजर से जांच में नशे की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए स्कूल बसों को जब्त कर लिया। दोनों मामलों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शहर में स्कूल बस और वैन चालकों की नियमित जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत 27 अगस्त 2026 की सुबह यातायात पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्कूल वाहनों को रोककर चालकों की जांच की।
जांच के दौरान हेरिटेज स्कूल और RISE N SHINE स्कूल की बसों के चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पाए गए। सहायक उप निरीक्षक रेमन साहू और यातायात पुलिस टीम ने ब्रीथ एनालाइजर के जरिए दोनों चालकों की जांच की, जिसमें शराब का सेवन पाए जाने की पुष्टि हुई।
दोनों बसें जब्त, कोर्ट में पेश किए गए मामले
नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल दोनों स्कूल बसों को जब्त कर लिया। चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई और मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने दोनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को भी पत्र भेजा है। वहीं, संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी सवाल
पुलिस ने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भेजते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। स्कूल प्रबंधन से यह भी पूछा गया है कि बच्चों के परिवहन में लगाए गए चालकों की नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था किस तरह की जा रही थी।
पुलिस का कहना है कि स्कूल बसों में बड़ी संख्या में बच्चे सफर करते हैं। ऐसे में चालक का नशे की हालत में वाहन चलाना बेहद गंभीर लापरवाही है। इससे बच्चों के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
भारी वाहन चालक भी नशे में मिला
इसी जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने एक अन्य भारी वाहन चालक को भी शराब के प्रभाव में वाहन चलाते पकड़ा। उसके खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा सुबह के समय विशेष रूप से वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती
दुर्ग यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बस और वैन चालकों की जांच आगे भी जारी रहेगी। ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बच्चों को लेकर चलने वाला कोई भी चालक शराब या नशे के प्रभाव में वाहन न चलाए।
पुलिस ने स्कूल संचालकों और प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों के परिवहन में लगाए गए चालकों की नियमित निगरानी करें और नशे की स्थिति में किसी भी चालक को वाहन चलाने की अनुमति न दें। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी स्कूल बस या वैन चालक के नशे में वाहन चलाने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।



