अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो चैनमाउंटेन मशीनें जब्त

Date:

छुरा/फिंगेश्वर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बी.एस. उईके के निर्देश पर विभागीय टीम ने छुरा ब्लॉक के ग्राम नांगझर में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही दो चैनमाउंटेन मशीनों को जब्त किया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम नांगझर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से रेत उत्खनन और भंडारण किए जाने की शिकायतें विभाग को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान रेत उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही दो चैनमाउंटेन मशीनें मौके पर मिलीं, जिन्हें विभाग ने जब्त कर लिया।

कार्रवाई के बाद दोनों मशीनों को फिंगेश्वर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। विभाग द्वारा अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

वहीं, क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार को लेकर रायपुर और आरंग के कथित रेत सिंडिकेटों की संलिप्तता के आरोप भी सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

खनिज विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत उत्खनन और भंडारण से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग की ओर से मामले की आगे जांच की जा रही है और जांच में संलिप्तता सामने आने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related