दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब पार्टी के बाद एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर दोस्तों के साथ मौजूद था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद युवक घर की छत पर चला गया, जहां कुछ देर बाद वह बेसुध हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना के दौरान घर में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के अलावा रायगढ़ निवासी उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी निवासी ग्रेसी भी मौजूद थीं।
बताया जा रहा है कि रात में सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को कथित तौर पर गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया।
विवाद के बाद छत पर चला गया सिद्धांत
विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत वहां बेसुध हालत में पड़ा मिला।
अंजलीना ने उसे होश में लाने की कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन सिद्धांत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
दोनों की शादी होने वाली थी
बताया जा रहा है कि सिद्धांत और अंजलीना एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे और दोनों की शादी होने वाली थी। अंजलीना नर्सिंग की छात्रा बताई जा रही है, जबकि सिद्धांत पहले निजी नौकरी करता था। कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी।
सिद्धांत की मां रायपुर के एक स्कूल में सरकारी शिक्षिका बताई जा रही हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन सिद्धांत की मौत आखिर किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस का कहना है कि घटना के समय घर में मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस रात में हुए पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।



