Trending

लोकतंत्र में मीडिया की स्वतंत्रता का सम्मान जरूरी. प्रेस दिवस पर बोले बिहार सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी

Table of Content

आज देश में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया गया. इस मौके पर पटना में एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए बिहार सरकार में सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री महेश्वर हजारी ने मीडिया की स्वतंत्रता को लोकतंत्र की आत्मा बताया.

उन्होंने कहा कि हम प्रेस की स्वतंत्रता, जिम्मेदारी और उसकी शक्ति का सम्मान करते हैं. भारत का लोकतंत्र चौथे स्तंभ यानी प्रेस और मीडिया के बिना अधूरा है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि एक अवसर है.

मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि बिहार की पत्रकारिता का एक समृद्ध इतिहास रहा है. बिहार स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाले पत्रकारों और संपादकों की कर्मभूमि है. हमारे बिहार के पत्रकारों ने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को प्रमुखता दी है.

पत्रकारों की सुरक्षा में सरकार की भूमिका

इस अवसर पर मंत्री ने मीडिया को सशक्त करने में राज्य सरकार की भूमिका और उपलब्धियों की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की ओर से राज्य में पत्रकारों के हितों की सुरक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं. पत्रकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पत्रकार कल्याण योजना की शुरुआत की गई है, जिससे पत्रकारों और उनके परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सके. वहीं राज्य में डिजिटल मीडिया के प्रसार को देखते हुए बिहार सरकार ने कई जिलों में पत्रकारिता और मीडिया स्टडीज के लिए उत्कृष्ट संस्थानों की स्थापना की है, जहां युवा पत्रकारिता के नये नये कौशल सीख रहे हैं.

गांव-गांव के पत्रकारों को किया गया सशक्त

उन्होंने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पत्रकारिता को सशक्त बनाने के लिए सूचना और जनसंपर्क विभाग के माध्यम से वृहद स्तर पर सूचना का प्रसार किया जा रहा है. बिहार के दूर-दराज के गांवों तक सरकारी नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का कार्य मीडिया ने बेहद सफलतापूर्वक किया है. इसके लिए राज्य ने स्थानीय भाषा और डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाया है ताकि हर वर्ग तक सटीक और प्रभावी जानकारी पहुंच सके.

मंत्री महेश्वर हजारी ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी बिहार सरकार के प्रयासों को मीडिया ने जन-जन तक पहुंचाया है, जिससे राज्य में शिक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ी है. सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं, जैसे सात निश्चय और हर घर नल का जल, पक्की सड़क जैसी परियोजनाओं की सफलता में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. पत्रकारों ने इन योजनाओं को जनता तक पहुंचाया है, जिससे पारदर्शिता बनी रही और लोग जागरूक होते रहे.

पत्रकारों को किया गया सम्मानित

कार्यशाला में विभिन्न मीडिया समूहों की तरफ से उपस्थित प्रतिनिधियों ने प्रेस की बदलती प्रकृति और नई चुनौतियों पर अपने-अपने वक्तव्य दिये. उपस्थित पत्रकारों को सम्मानित किया गया. कार्यशाला में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार के अपर सचिव संजय कृष्ण द्वारा स्वागत भाषण के क्रम में भारतीय प्रेस की गरिमा और समृद्ध परंपरा को रेखांकित किया गया. उन्होंने कहा कि प्रेस को भ्रामक खबरों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए तथा अर्द्ध सत्य से बचना चाहिए.

Alisha Rana

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved