Trending

सैफ अली खान पर हमला: घर में घुसकर अज्ञात शख्स ने किया चाकू से वार, लीलावती अस्पताल में भर्ती

Table of Content

Saif Ali Khan Attack: सैफ अली खान पर बुधवार (15 जनवरी) की रात चोर ने चाकू से हमला किया। घटना रात 2 बजे की है। एक्टर लीलावती अस्पताल में भर्ती। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानें पूरा मामला।

Saif Ali Khan Attack: बॉलीवुड से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बुधवार (15 जनवरी) की रात जाने-माने अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर एक चोर ने चाकू से हमला कर दिया। यह घटना देर रात करीब 2 बजे हुई, जब सैफ अली खान अपने घर पर मौजूद थे। इस हमले में अभिनेता के शरीर पर चाकू के 2-3 वार किए गए हैं। उन्हें तुरंत मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल एक्टर की हालत स्थिर बताई जा रही है।

लीलावती अस्पताल ने कहा है कि सैफ अली खान के स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल से जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। सैफ अली खान के इस हमले की खबर से उनके फैंस और बॉलीवुड इंडस्ट्री में चिंता फैल गई है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।

चोर और सैफ के बीच हुई हाथापाई
मुंबई पुलिस के मुताबिक, रात के समय एक अज्ञात चोर सैफ अली खान के घर में घुस आया। चोर और सैफ के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद चोर ने अभिनेता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि चोर ने सैफ के शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि चोर कौन था और उसने यह हमला क्यों किया।

परिवार के दूसरे सदस्य कहां थे?
हमले के दौरान अभिनेता की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर कहां थीं, इस पर फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं है। हालांकि, करीना कपूर की बहन करिश्मा कपूर ने हमले से कुछ घंटे पहले अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की थी। तस्वीर में करीना अपनी गर्ल गैंग के साथ डिनर पार्टी में नजर आ रही थीं। यह अभी कंफर्म नहीं है कि हमले के वक्त करीना अपने दोस्तों के साथ थीं या घर लौट आई थीं।

मुंबई पुलिस कर रही है जांच
मुंबई पुलिस ने इस घटना पर कहा कि हम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घर के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अभी यह पता लगाना बाकी है कि हमलावर का मकसद क्या था। मुंबई पुलिस ने घर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है और संभावित संदिग्धों की तलाश जारी है। इस मामले में करीबी लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।

Alisha Rana

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved