Trending

महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि: PM मोदी, राहुल गांधी ने दी राजघाट पर श्रद्धांजलि

Table of Content

Mahatma Gandhi Shaheed Divas 2025: महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर PM मोदी, राहुल गांधी समेत दूसरे दिग्गज नेताओं ने राजघाट पर श्रद्धांजलि दी। देशभर में गांधी जी को याद करते हुए कार्यक्रम आयोजित हुए।

Mahatma Gandhi Shaheed Divas 2025: महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार (30 जनवरी) को देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दूसरे दिग्गज नेताओं ने राजघाट जाकर श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उनके आदर्श हमें विकसित भारत बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। मैं देश के लिए शहीद हुए सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनकी सेवा और बलिदान को याद करता हूं।’

राहुल गांधी ने गांधी जी को बताया भारत की आत्मा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को भारत की आत्मा बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘गांधी जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, वह भारत की आत्मा हैं और हर भारतीय में आज भी जीवित हैं। सत्य, अहिंसा और निडरता की शक्ति बड़े से बड़े साम्राज्य की जड़ें हिला सकती हैं। पूरा विश्व उनके आदर्शों से प्रेरणा लेता है।’ राहुल ने अपने संदेश में गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बापू को श्रद्धांजलि देते हुए उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

खड़गे बोले- बापू के आदर्श मार्गदर्शन करते रहेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने X पर लिखा, ‘शहीद दिवस पर हम बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वे हमारे राष्ट्र के मार्गदर्शक रहे। सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव के उनके विचार हमारे मार्ग को प्रकाशित करते रहते हैं। हमें उन लोगों के खिलाफ लड़ने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए, जो समानता और सभी के उत्थान के उनके आदर्शों को नष्ट करना चाहते हैं। आइए हम भारत की विविधता में एकता की रक्षा करें और सभी के लिए न्याय और समानता सुनिश्चित करें।’

देशभर में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर देशभर में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ और दूसरे शहरों में लोगों ने बापू को याद किया। स्कूलों और कॉलेजों में गांधी जी के विचारों पर संगोष्ठियां हुईं। सामाजिक संगठनों ने सत्य और अहिंसा के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए। कई जगहों पर गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर आम लोगों ने भी सोशल मीडिया पर गांधी जी के विचारों को साझा किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

PM मोदी ने दिल्ली में किया चुनाव प्रचार
पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के विधानसभा चुनाव प्रचार में शामिल हुए। उन्होंने करतार नगर में 50 मिनट का भाषण दिया, जिसमें उन्होंने शिक्षा घोटाला, शराब घोटाला और शीशमहल का जिक्र किया। उन्होंने यमुना में जहर मिलाने के अरविंद केजरीवाल के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, “दिल्ली के एक पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगाए। क्या हरियाणा के लोग अपने बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं?” पीएम मोदी के इस बयान पर राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।

Alisha Rana

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved