कोण्डागांव। कोण्डागांव पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम केंवटी के जंगल में जुआ खेल रहे 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹7,100 नकद, 52 ताश के पत्ते, 5 मोबाइल फोन और 6 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2,01,100 बताई गई है।
जंगल में चल रहा था जुए का खेल
पुलिस को 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम केंवटी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की और मौके पर जुआ खेल रहे सातों आरोपियों को पकड़ लिया।
7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम पटेल (33), विष्णु दास सोनी (27), महेश मरकाम (27), मंगतराम कोर्राम (26), अर्जुन बघेल (26), विकास ठाकुर (36) और कमलेश सोनी (28) के रूप में की है। सभी आरोपी कोण्डागांव जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
₹7,100 नगद
52 ताश के पत्ते
5 मोबाइल फोन
6 दोपहिया वाहन
जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹2,01,100 बताई गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत थाना कोण्डागांव में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आईपीएस पंकज चन्द्रा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक पिताम्बर कठार, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र देहारी सहित साइबर शाखा के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



