जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार एक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से 2 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को सूचना मिली थी कि नवागढ़ के वार्ड क्रमांक-1 निवासी खलील मोहम्मद (46) अपनी बाइक की डिक्की में गांजा रखकर बिक्री के लिए ले जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक सवार को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। कानूनी प्रक्रिया के तहत बाइक की तलाशी लेने पर डिक्की के अंदर गांजा बरामद हुआ।
गांजा और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खलील मोहम्मद, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-1, नवागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि जिले में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।



