अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पदस्थ प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल पर एक गंभीर आरोप सामने आया है। साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने सीबीआई की विशेष अदालत में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर अदालत ने सीबीआई, प्रशिक्षु आईपीएस राहुल बंसल, दो पुलिसकर्मियों और छत्तीसगढ़ के डीजीपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
साइबर ठगी मामले की जांच से जुड़ा आरोप
जानकारी के अनुसार, यह मामला अंबिकापुर साइबर थाने में दर्ज एक कथित ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग धोखाधड़ी केस से जुड़ा बताया जा रहा है। हरियाणा निवासी शिकायतकर्ता आकाश कुमार ने आरोप लगाया है कि मामले की जांच के दौरान उनसे बड़ी रकम की मांग की गई।
शिकायत में दावा किया गया है कि रिश्वत की रकम हवाला के माध्यम से पहुंचाई गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच व न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
शिकायतकर्ता ने मामले में अंबिकापुर साइबर सेल से जुड़े दो पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि केस को प्रभावित करने या निपटाने के लिए कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई।
CBI कोर्ट ने मांगा जवाब
शिकायत पर सुनवाई करते हुए सीबीआई की विशेष अदालत ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सीबीआई, ट्रेनी IPS राहुल बंसल, संबंधित पुलिसकर्मियों और छत्तीसगढ़ के डीजीपी से मामले में जवाब और रिपोर्ट मांगी है।
अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं
मामले को लेकर मीडिया ने सरगुजा आईजी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं प्रशिक्षु आईपीएस राहुल बंसल से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका।



