कवर्धा। जिले के बैजलपुर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 33KV हाईवोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से 33 वर्षीय रामकुमार विश्वकर्मा की मौत हो गई। हादसा कोकदावीरान-सिंघारी से पंडातराई रोड के पास हुआ। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पेड़ पर चढ़कर काट रहा था डाली
जानकारी के अनुसार, ग्राम कामाड़बरी निवासी रामकुमार विश्वकर्मा पेड़ की डाली काटने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान काटी गई डाली का एक हिस्सा पास से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली लाइन पर जा गिरा।
बिजली तार के संपर्क में आते ही रामकुमार करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
परिवार का इकलौता कमाने वाला था रामकुमार
बताया जा रहा है कि रामकुमार अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों ने बिजली विभाग से परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है।
पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में हाईवोल्टेज बिजली लाइन के आसपास सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



