गरियाबंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गरियाबंद वृत्त के पंटोरा जंगल क्षेत्र में आबकारी टीम ने गश्त और जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची मदिरा बरामद की है। टीम ने मौके से करीब 100 बल्क लीटर अवैध कच्ची मदिरा जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा और कलेक्टर बीएस उईके के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम पंटोरा जंगल क्षेत्र में सघन गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम को जंगल में छिपाकर रखी गई अवैध कच्ची मदिरा दिखाई दी। मौके पर जांच करने पर करीब 100 बल्क लीटर कच्ची मदिरा बरामद हुई।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
आबकारी टीम ने बरामद मदिरा को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2011) की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। आबकारी विभाग की टीम आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि जंगल क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण और भंडारण किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक नागेशराज श्रीवास्तव और हितेश कुमार भोई, आबकारी मुख्य आरक्षक चंदेलाल गायकवाड, आरक्षक पिताम्बर चौधरी, रवि कुमार एवं युवराज ध्रुव, नगर सैनिक संजय नेताम एवं मनीष कश्यप, महिला नगर सैनिक कल्पना ध्रुव तथा वाहन चालक शैलेन्द्र कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
इंटर्न डॉक्टरों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है। प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।



