Surguja News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। परसापारा गांव में एक बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों के शवों को बोरियों में बंद कर घर के एक कमरे में छिपा दिया गया। पुलिस को घटना में दंपती के बड़े बेटे पर शक है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (52) के रूप में हुई है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब दंपती का छोटा बेटा सोमवार को दूध लेने उनके घर पहुंचा।
घर का दरवाजा बाहर से था बंद
पुलिस के अनुसार, छोटा बेटा मोहन जब माता-पिता के घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी जब माता-पिता दिखाई नहीं दिए, तो उसने आसपास के खेतों और इलाके में उनकी तलाश की।
इसके बाद घर के अंदर जाकर देखने पर एक कमरा बंद मिला। संदेह होने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर फर्श पर खून के निशान दिखाई दिए। कमरे में दो बोरियां पड़ी थीं, जिन्हें खोलने पर दंपती के शव मिलने से हड़कंप मच गया।
कुल्हाड़ी जैसे हथियार से हमला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दंपती के सिर पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से वार किया गया था।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
बड़े बेटे पर शक, वारदात के बाद से लापता
पुलिस की प्राथमिक जांच में दंपती के बड़े बेटे जादू यादव (34) पर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ ही रहता था। घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं है।
मृतक दंपती के छोटे बेटे मोहन के अनुसार, उसका बड़ा भाई अविवाहित था और कथित तौर पर मानसिक रूप से अस्थिर था। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दंपती की हत्या के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्ध आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के पीछे की पूरी कहानी सामने आने की बात कह रही है।



