दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में नकली सिगरेट के कारोबार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में दबिश देकर GOLD FLAKE PREMIUM के नाम से बेची जा रही नकली सिगरेट की बड़ी खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 18 हजार नकली सिगरेट जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 7 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ITC के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि ने नकली GOLD FLAKE सिगरेट की बिक्री की शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस से की थी। शिकायत और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान दुकान से GOLD FLAKE PREMIUM के नाम पर बेची जा रही 18 हजार नकली सिगरेट बरामद हुईं। पुलिस ने जब्त सिगरेट की कुल कीमत करीब 2,07,000 रुपये आंकी है।
असली ब्रांड जैसी पैकिंग का इस्तेमाल
पुलिस जांच में आरोप है कि आरोपी असली उत्पाद से मिलती-जुलती पैकिंग और ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट की बिक्री कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी और निखिल सिहानी को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नकली सिगरेट के नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि नकली सिगरेट की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग या कारोबारी नेटवर्क शामिल हैं।
पुलिस अब जब्त सिगरेट की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री के इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई से ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।



