जांजगीर-चांपा। अकलतरा के अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में देर रात कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग के ऊपर प्रथम तल पर 5 परिवारों के 14 लोग फंस गए थे, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। समय रहते मौके पर पहुंची अकलतरा पुलिस ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रात करीब 2:30 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 2:30 बजे अकलतरा थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस जवानों ने नीरज कलेक्शंस कपड़ा दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती देखीं।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
सीढ़ियों में लगी थी आग, ऊपर फंसे थे परिवार
पुलिस को पता चला कि दुकान के ऊपर प्रथम तल पर कई परिवार रहते हैं। नीचे दुकान में लगी आग तेजी से फैल रही थी और ऊपर से नीचे आने वाली सीढ़ियां भी आग की चपेट में आ गई थीं।ऐसे में प्रथम तल पर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया था। किसी भी देरी से बड़ा हादसा हो सकता था।
सीढ़ी की मदद से 14 लोगों को निकाला बाहर
अकलतरा पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर तत्काल सीढ़ी की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुलिस जवानों ने जोखिम उठाते हुए प्रथम तल पर फंसे लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।रेस्क्यू किए गए 14 लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुष समेत 5 परिवारों के सदस्य शामिल थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद होमगार्ड जांजगीर और JSW प्लांट की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पुलिस और दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से भी रोका गया।
पुलिस की सूझबूझ की लोगों ने की सराहना
घटना के बाद स्थानीय लोगों और रेस्क्यू किए गए परिवारों ने अकलतरा पुलिस की तत्परता और साहस की सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो आग की चपेट में आने से बड़ी जनहानि हो सकती थी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। आरक्षक शैलेन्द्र राठौर समेत अन्य पुलिस जवानों ने रेस्क्यू अभियान में सक्रिय योगदान दिया।
वहीं, होमगार्ड जांजगीर और JSW प्लांट की फायर ब्रिगेड टीम के संयुक्त प्रयास से आग पर समय रहते काबू पाया गया।



