रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव छोटा बेरला नदी की ओर से बहकर बेंद्री डैम तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शव किन परिस्थितियों में डैम तक पहुंचा और मृतक की मौत कैसे हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
एक महीने में तीसरी घटना
बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में बेंद्री डैम से जुड़ी यह तीसरी घटना है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। मृतक की पहचान और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



