राजनांदगांव। किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरण बेचने के बाद प्राप्त रकम फर्म के खाते में जमा नहीं करने के मामले में राजनांदगांव की सिटी कोतवाली पुलिस ने शोरूम मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कुल 11 लाख 7 हजार 893 रुपये के गबन का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, भाजपा कार्यालय के सामने स्थित अरुण एग्रीकल्चर में मैनेजर के पद पर कार्यरत कुमुद उपाध्याय (52), निवासी वृंदावन कॉलोनी, इंदिरा नगर के खिलाफ फर्म की ओर से 17 अगस्त को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
14.61 लाख रुपये के ट्रैक्टर और कृषि उपकरण बेचे
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 1 अप्रैल 2025 से 7 अप्रैल 2026 के बीच किसानों को कुल 14 लाख 61 हजार 393 रुपये के ट्रैक्टर और कृषि उपकरण बेचे थे। बिक्री से प्राप्त पूरी राशि फर्म के खाते में जमा करना उसकी जिम्मेदारी थी।
आरोप है कि मैनेजर ने बिक्री से मिली पूरी रकम फर्म में जमा नहीं की। फर्म की आंतरिक जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी ने राशि के गबन की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने 3 लाख 3 हजार 500 रुपये फर्म को वापस कर दिए, लेकिन शेष 11 लाख 7 हजार 893 रुपये जमा नहीं किए गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
फर्म की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 443/26 के तहत धारा 316(4), 336(3) और 344(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।



