कवर्धा/रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। 5,967 पदों पर हुई भर्ती में रिक्त पदों को भरने और दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कवर्धा में गृहमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।
अभ्यर्थियों का दावा है कि RTI से मिली जानकारी के मुताबिक कुल 5,967 पदों में से 4,367 पदों पर ही नियुक्ति हुई है, जबकि करीब 1,940 पद खाली हैं। युवाओं का आरोप है कि कुछ उम्मीदवारों का एक से अधिक जिलों की चयन और वेटिंग लिस्ट में नाम होने के कारण कई पद रिक्त रह गए। अभ्यर्थियों की मांग है कि इन पदों पर वेटिंग लिस्ट में शामिल योग्य उम्मीदवारों को मौका दिया जाए।
बारिश के बावजूद कोण्डागांव, जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी कवर्धा में डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने टेंट लगाकर धरना शुरू किया है और वहीं भोजन की व्यवस्था कर रात भी गुजार रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई अभ्यर्थी गृहमंत्री से भावुक होकर अपनी नियुक्ति की मांग करते दिखाई दे रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने भर्ती के लिए लंबे समय तक मेहनत की है और अब रिक्त पदों पर नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक दूसरी चयन सूची जारी करने को लेकर सरकार या विभाग की ओर से ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।



