पत्नी की हत्या कर आंगन में जलाया शव, फिर दर्ज कराई गुमशुदगी; DNA रिपोर्ट से खुला राज

Date:

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को घर के आंगन में जला दिया और हड्डियों के अवशेष जमीन में दबा दिए। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के लापता होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।

गुमशुदगी की रिपोर्ट से शुरू हुई जांच

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कुमा निवासी देवानंद सिदार (39) ने 28 अप्रैल 2026 को थाना कापू में अपनी पत्नी चमेली सिदार (26) के 16 अप्रैल की रात घर से बिना बताए चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस को देवानंद के बयान और व्यवहार में विरोधाभास नजर आया। इसके बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। धीरे-धीरे पुलिस का शक महिला के पति पर गहराता गया।

‘सब्जी नहीं बनाई’ को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 16 अप्रैल की रात भाजी की सब्जी बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोप है कि हत्या के बाद उसने शव को घर के आंगन में जला दिया और हड्डियों के अवशेषों को जमीन में गड्ढा खोदकर पत्थर के नीचे दबा दिया। इसके बाद घटना छिपाने के लिए पत्नी के गुम होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।

DNA जांच ने खोला पूरा राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई। विधिवत अनुमति के बाद FSL अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल से जले हुए हड्डियों के अवशेष बरामद किए गए।

इन अवशेषों का DNA परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में हड्डियों के अवशेष लापता महिला चमेली सिदार के होने की पुष्टि हुई। वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को आरोपी पति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

तीन दिन गांव से बाहर कैंप कर आरोपी को पकड़ा

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देती रही। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब तीन दिनों तक गांव के बाहर कैंप कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा।

लगातार प्रयास के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा हत्या की बात स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना कापू की टीम की लगातार जांच व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस अंधे कत्ल का खुलासा किया गया।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

त्रिकुंडा जलाशय में दर्दनाक हादसा, लीकेज ठीक करने उतरे बुजुर्ग की डूबने से मौत

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में त्रिकुंडा जलाशय बांध...

बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

बलौदाबाजार-भाटापारा (छत्तीसगढ़):बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में महिला सुरक्षा और महिला संबंधी...