Trending

छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना की काउंसलिंग निरस्त, शासन के निर्देशों के बाद नई तारीख होगी जारी

Table of Content

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए प्रस्तावित काउंसलिंग फिलहाल निरस्त कर दी गई है। इस संबंध में विभाग ने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सूचना जारी करते हुए कहा है कि शासन से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद नई काउंसलिंग तिथि की घोषणा की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, रायपुर जिला स्तर पर इस योजना के तहत 14 जुलाई को काउंसलिंग आयोजित की जानी थी, जिसे प्रशासनिक कारणों से स्थगित कर दिया गया है। विभाग ने विद्यार्थियों और पालकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम से बचें और आगामी सूचना का इंतजार करें।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना पहले जवाहर उत्कर्ष योजना के नाम से संचालित होती थी। इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।

सहायक शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन भी जारी

इधर, सरकारी स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGESB) ने लोक शिक्षण संचालनालय की मांग पर सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई 2026 से शुरू होंगे और 21 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से किए जा सकेंगे तथा परीक्षा शुल्क का भुगतान भी डिजिटल माध्यम से करना होगा।भर्ती परीक्षा का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए राज्य के 16 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके। राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। यह राशि आवेदन के दौरान उपयोग किए गए बैंक खाते में ही ट्रांसफर की जाएगी।

चयन मंडल ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, पात्रता, परीक्षा नियम और अन्य दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आधिकारिक अधिसूचना CGESB और व्यापम पोर्टल पर उपलब्ध है।

Anjali

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved