बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में चोरी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस ऐसे आरोपी तक पहुंची है, जिसके तार कई राज्यों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और फर्जी पहचान दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग राज्यों में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहम्मद सुमोन खान (24), पिता मोहम्मद सलाम खान, निवासी बांग्लादेश के रूप में की है। उसे बेमेतरा के सिंघौरी में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बर्तन बेचने की आड़ में नए इलाकों में घूमता था और घरों की रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई राज्यों में रहा
पुलिस के अनुसार भारत आने के बाद आरोपी ने कर्नाटक में कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद वह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों में रहा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में आरोपी की मदद किसने की और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
बर्तन बेचने वाला बनकर करता था रेकी
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी किसी नए इलाके में पहुंचने के बाद खुद को बर्तन बेचने वाला बताकर किराए का मकान लेता था। इसके बाद वह आसपास के गांवों और गली-मोहल्लों में घूमकर लोगों के घरों की रेकी करता था।
मौका मिलने पर आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को आशंका है कि इस तरह की वारदातों में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल रहे हैं।
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और राजनांदगांव के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ करीब सात मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2019 में बेमेतरा चोरी के मामले में, कबीरधाम में कई चोरी की घटनाओं और वर्ष 2022 में राजनांदगांव के चोरी के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा कर्नाटक में लूट और नागपुर में आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस के अनुसार जुलाई 2026 में जेल से बाहर आने के बाद आरोपी दोबारा बेमेतरा के चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ।
14 जिलों की पुलिस से जानकारी जुटा रही बेमेतरा पुलिस
बेमेतरा पुलिस अब आरोपी के पुराने अपराधों और उसके संभावित साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार करीब 14 जिलों से आरोपी से संबंधित जानकारी साझा की जा रही है। इनमें कांकेर, कोरिया, इंदौर, साइबराबाद, पूर्वी दिल्ली, बड़गाम, दक्षिण दिनाजपुर, कृष्णानगर-नादिया, बागलकोट, बेलगाम, चंद्रपुर, नागपुर और कोरापुट समेत अन्य जिले शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपी से जुड़े संभावित अन्य मामलों की कड़ियां जोड़ने के साथ उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
मकान मालिकों से पुलिस ने की अपील
बेमेतरा पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को मकान किराए पर देने से पहले उसके पहचान दस्तावेजों का सत्यापन जरूर कराएं। साथ ही किरायेदार की आवश्यक जानकारी नजदीकी पुलिस थाने में देने की अपील की गई है।
पुलिस ने संदिग्ध तरीके से रह रहे बाहरी लोगों की सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



