रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक अजय चंद्राकर ने संकेत दिए हैं कि राज्य में जल्द ही नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का विशेषाधिकार है और वे समय आने पर सोच-समझकर फैसला करेंगे।
अजय चंद्राकर ने कहा कि जिस तरह अन्य राज्यों में भाजपा के प्रदेश प्रभारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी जल्द नियुक्ति हो सकती है। उन्होंने कहा, “जो भी आएगा, अच्छा ही होगा।”
कांग्रेस के विकास मॉडल पर साधा निशाना
मीडिया से चर्चा के दौरान अजय चंद्राकर ने राज्य सरकार के ढाई साल पूरे होने पर मंत्रियों की ओर से की गई प्रेसवार्ता को लेकर कांग्रेस के ‘पोस्टर में विकास’ वाले तंज पर भी पलटवार किया।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस अपने कार्यकाल के विकास को ही विकास मानती है, तो भगवान छत्तीसगढ़ को कांग्रेस से बचाए। चंद्राकर ने कांग्रेस के विकास मॉडल पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस का विकास का मॉडल अलग रहा है।
‘जेल तीर्थ स्थल था’ वाले बयान से सियासी हमला
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके समय में “जेल तीर्थ स्थल था और लोग वहां जाने में गर्व महसूस करते थे।” उनके इस बयान को कांग्रेस के खिलाफ भाजपा के तीखे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।



