रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सेंट्रल जीएसटी विभाग की कार्रवाई से कारोबारी हलकों में हलचल मच गई। मंगलवार को विभाग की टीम ने जोरापाली क्षेत्र स्थित एक प्लांट में दबिश दी और बिलिंग, भुगतान तथा टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित फर्म की कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन पर विभाग की नजर थी। प्रारंभिक तौर पर कार्रवाई को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है।
ITC से जुड़े लेनदेन जांच के दायरे में
सूत्रों के मुताबिक, फर्म के कुछ लेनदेन में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़ी अनियमितताओं की आशंका जताई गई थी। इसी आधार पर सेंट्रल जीएसटी की टीम प्लांट पहुंची और वहां मौजूद रिकॉर्ड तथा दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
बताया जा रहा है कि टीम ने कई घंटे तक प्लांट में रहकर बिलिंग, भुगतान और टैक्स संबंधी दस्तावेज खंगाले। विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि टैक्स नियमों के उल्लंघन या कर चोरी से जुड़ी कोई अनियमितता सामने आई है या नहीं।
फिलहाल सेंट्रल जीएसटी विभाग की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर टैक्स चोरी की पुष्टि किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।



