अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार में संचालित कथित अवैध शराब भट्ठी पर जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम और आबकारी वृत्त अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
6 अवैध शराब भट्ठियां मिलीं
आबकारी विभाग को खैरबार में अवैध रूप से महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने अमृता तिर्की पति जैमील तिर्की के ठिकाने पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर 6 अवैध शराब भट्ठियां मिलीं, जिन्हें विभाग ने जब्त कर लिया।
4,700 किलो महुआ लाहन और 135 लीटर शराब बरामद
तलाशी के दौरान टीम ने मौके से करीब 4,700 किलो महुआ लाहन और 135 लीटर महुआ शराब बरामद की। विभाग के मुताबिक, जब्त अवैध शराब और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 48 हजार 500 रुपये है।
आबकारी टीम ने बरामद महुआ लाहन के नमूने लिए। इसके बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम और आबकारी वृत्त अंबिकापुर की टीम शामिल रही। आबकारी उपनिरीक्षक सरिता साहू, सौरभ साहू और अनिल गुप्ता समेत विभागीय कर्मचारियों की कार्रवाई में अहम भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



