रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंह देव ने हिजाब विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हिजाब पहनने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए सिंह देव ने कहा कि कोर्ट ने अपना निर्णय दिया है और संभव है कि इसके खिलाफ आगे अपील की जाए।
‘सच की वजह से कभी अराजकता नहीं फैल सकती’
‘मनु स्मृति’ को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी पर चल रहे विवाद के बीच टीएस सिंह देव ने उनका बचाव किया। उन्होंने कहा कि सच की वजह से कभी अराजकता नहीं फैल सकती।
सिंह देव के मुताबिक, अगर किसी सच को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है और बाद में वास्तविक तथ्य सामने आते हैं, तो उससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि लोगों की भावनाओं को गलत जानकारी के जरिए भड़काने से बचना चाहिए।
RSS को लेकर भी साधा निशाना
अमेरिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंह देव ने कहा कि यह अमेरिका का आंतरिक मामला है। हालांकि, उन्होंने RSS की गतिविधियों और उसकी राजनीतिक छवि को लेकर अपनी राय रखी।
उन्होंने कहा कि पहले RSS को समाजसेवा से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन अब उसकी छवि अधिक राजनीतिक होती जा रही है।
UCC पर भी रखी अपनी राय
समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर टीएस सिंह देव ने इसे धार्मिक रीति-रिवाजों और सामाजिक परंपराओं से जुड़ा संवेदनशील विषय बताया। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग समुदायों की परंपराएं लंबे समय से चली आ रही हैं और किसी नई व्यवस्था को लागू करते समय इन पहलुओं को ध्यान में रखना जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि धर्मनिरपेक्ष सोच के तहत लंबे समय से ऐसी व्यवस्था की बात होती रही है, जिसमें सभी नागरिकों के लिए समान कानून हो, लेकिन इसे लागू करने से पहले सामाजिक और धार्मिक संवेदनशीलताओं पर विचार करना जरूरी है।
टीएस सिंह देव के इन बयानों के बाद हिजाब, मनुस्मृति और UCC जैसे मुद्दों पर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने की संभावना है।



