रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी राजनीति को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने लंबे समय तक आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि अब जनजातीय समाज कांग्रेस की राजनीति को समझ चुका है और केवल राजनीतिक दावों के आधार पर प्रभावित होने वाला नहीं है।
भाजपा सरकार ने आदिवासी समाज के लिए किए काम: CM साय
मुख्यमंत्री साय ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जनजातीय समाज के विकास और सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा अनुसूचित जनजाति समाज के लिए अलग मंत्रालय के गठन को महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जिक्र करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी महिला का पहुंचना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है।
PM जनमन योजना का किया जिक्र
CM साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। उन्होंने विशेष रूप से PM जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के दूरस्थ गांवों में सड़क, आवास, राशन और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता आदिवासी क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास करना है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जनता अब विकास और सरकारी योजनाओं के काम को देखकर अपना फैसला करेगी।
भाजपा की बैठकों पर भी बोले CM
भाजपा में लगातार हो रही बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी में नियमित बैठकें होती रहती हैं। उन्होंने इसे संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बताया और कहा कि कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ संवाद और समीक्षा लगातार जारी रहती है।
दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रवाना हुए CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय जशपुर दौरे के लिए रवाना हुए। इस दौरान वे अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कार्यक्रम के तहत पंडरीपानी में SBI की नई शाखा और महतारी वंदन योजना भवन का लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके अलावा कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।



