Trending

29 जून को न्याय की हुंकार: कोरिया हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलेंगे करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत

Table of Content

रायपुर। कोरिया जिले के कटगोड़ी गांव में पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं कारोबारी भरत सिंह लल्ला तथा उनके परिजनों की निर्मम हत्या के मामले में क्षत्रिय करणी सेना ने न्याय की लड़ाई को तेज करने का ऐलान किया है। संगठन ने 29 जून को कोरिया जिले पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की है।

करणी सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के नेतृत्व में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता कटगोड़ी गांव पहुंचेंगे। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेगा तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाने की मांग करेगा।

गौरतलब है कि कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नौगई के आश्रित ग्राम कटगोड़ी में हुई इस दर्दनाक घटना में भरत सिंह लल्ला की फॉर्च्यूनर वाहन को आग के हवाले कर दिया गया था। घटना में भरत सिंह, उनके चचेरे भाई नगेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की नृशंस हत्या कर दी गई, जबकि घायल मयंक सिंह का उपचार जारी है।

करणी सेना ने इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से न्याय की लड़ाई जारी रखेगा।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत 29 जून को रायपुर पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद करणी सेना का काफिला कोरिया जिले के लिए रवाना होगा। कटगोड़ी गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात के पश्चात प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।

करणी सेना ने समाज के सभी वर्गों से इस न्याय अभियान में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि न्याय और कानून के सम्मान की लड़ाई है।

News Inc India

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi 110001

Corporate office: Ring Road No-1, Near Bhatagaon Chowk, Raipur, Chhattisgarh
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 7217665040, 8269955023, 9630697505, 9650699189

Copyright © 2024 News Inc All Rights Reserved