ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने रची हत्या की साजिश, युवक को घर बुलाकर उतारा मौत के घाट

Date:

लोरमी। मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवक द्वारा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने से परेशान पति-पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना 30 जुलाई की रात ग्राम घानाघाट में सामने आई थी, जहां रामचंद्र पटेल के घर के पास 24 वर्षीय अरुण पटेल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने के बाद डिंडौरी चौकी और चिल्फी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

महाराष्ट्र में साथ मजदूरी के दौरान हुई थी पहचान

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले अरुण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल महाराष्ट्र में मजदूरी करने गए थे और एक ही कमरे में रहते थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच कथित रूप से संबंध बने। आरोप है कि अरुण ने इसी दौरान मनीषा का वीडियो बना लिया था।

गांव लौटने के बाद अरुण कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को ब्लैकमेल कर रहा था। परेशान होकर मनीषा ने इसकी जानकारी अपने पति मुकेश को दी। दोनों ने अरुण को समझाने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और धमकियां जारी रहीं। इसके बाद पति-पत्नी ने उसकी हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, घर बुलाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, योजना के तहत अरुण को घर बुलाया गया और उसे दूध में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई। बेहोश होने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रामचंद्र पटेल के घर के पास फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया गया था।

दोनों आरोपियों ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने 34 वर्षीय मुकेश पटेल और 27 वर्षीय मनीषा बाई पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में...