रायपुर में दर्दनाक हादसा: जलभराव के बीच खुले नाले में डूबा 4 साल का मासूम, मौत

Date:

रायपुर, 18 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर अमलीडीह इलाके में बारिश के पानी से भरे खुले नाले में डूबने से 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।

बारिश के पानी में खेल रहा था मासूम

जानकारी के मुताबिक, बच्चा गली में बारिश के पानी के बीच अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह पानी के नीचे छिपे खुले नाले या गड्ढे की चपेट में आ गया और डूब गया। लगातार बारिश के कारण इलाके में इतना जलभराव था कि सड़क, गड्ढे और नाले के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया था।

हादसे के बाद बच्चे की तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर उसका शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

अधूरा नाला निर्माण बना सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नाला निर्माण के लिए भूमि पूजन पहले ही किया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। बारिश के दौरान क्षेत्र में लगातार जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खुले नाले और गड्ढों के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता बनी हुई है।

हादसे के बाद प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना ने राजधानी की जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ रायपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर खुले नाले, अधूरे निर्माण और जलभराव लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा? क्या खुले नालों और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े?

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में...