बिलासपुर: बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह का एक खौफनाक मामला सामने आया है। घर के विवाद को शांत कराने की कोशिश कर रहे दामाद पर ससुर ने ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के गले पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीच-बचाव करने पर बढ़ा विवाद
घायल युवक शैलेन्द्र नवरंग ने पुलिस को बताया कि उसके घर में उसकी मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस बात पर शैलेन्द्र ने बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत कराने और दोनों को समझाइश देने की कोशिश की।
आरोप है कि इसके बाद शैलेन्द्र की पत्नी ने फोन करके अपने परिजनों (मायके पक्ष) को घर बुला लिया। मायके वालों के पहुँचते ही विवाद और ज्यादा भड़क गया। बात इतनी बढ़ गई कि इसी दौरान ससुर ने गुस्से में आकर घर के बाथरूम में रखा ब्लेड उठाया और सीधे शैलेन्द्र के गले पर हमला कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, दोनों पक्षों पर केस दर्ज
इस अचानक हुए हमले से शैलेन्द्र के गले में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों व अन्य लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है तथा विवाद की असली वजह और अन्य पहलुओं की बारीकी से जाँच की जा रही है।



