रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को सड़क हादसे में घायल होने के बाद बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने जांच में उनकी रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) में फ्रैक्चर की पुष्टि की है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
चिकित्सकों की सलाह के बाद गुरुवार सुबह उन्हें उच्च स्तरीय उपचार के लिए दिल्ली-एनसीआर स्थित मेदांता अस्पताल भेजा गया। यहां स्पाइन और ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की टीम उनकी विस्तृत जांच करेगी और आगे के इलाज की दिशा तय करेगी।
MRI जांच में स्पाइन फ्रैक्चर की पुष्टि
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच और एमआरआई रिपोर्ट में किरण देव की रीढ़ की हड्डी में चोट पाई गई है। इसी को देखते हुए उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि दिल्ली पहुंचने के बाद दोबारा विस्तृत जांच की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि उनका इलाज दवाओं और आराम से किया जाएगा या सर्जरी की आवश्यकता पड़ेगी।
झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुआ था हादसा
यह दुर्घटना बुधवार शाम झांसी-ललितपुर हाईवे पर तालबेहट क्षेत्र के टेकरी गांव के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, किरण देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम के दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार के अचानक कट मारने से चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एयरबैग खुलने से बची जान
स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय कार के सभी एयरबैग खुल गए थे, जिससे वाहन में मौजूद लोगों को गंभीर नुकसान से बचाया जा सका।
हादसे में किरण देव और चालक गौतम कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों रीना सिंह देव और आयुषी को गंभीर चोट नहीं आई।
डॉक्टरों की निगरानी में किरण देव
फिलहाल किरण सिंह देव विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पार्टी की ओर से भी उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।





