रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित ब्लू वाटर में डूबे युवक आदिल खान का 50 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद से पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। लंबा समय बीत जाने के बावजूद युवक का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था आदिल
जानकारी के मुताबिक, आदिल खान अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान नहाते समय वह पानी के एक छोर से दूसरे छोर की ओर जाने लगा। बताया जा रहा है कि अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबता हुआ नजर आया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
60 फीट तक पानी में तलाश, नहीं मिला सुराग
रेस्क्यू टीम के मुताबिक, ब्लू वाटर की गहराई करीब 400 फीट तक बताई जा रही है। टीम अब तक करीब 60 फीट गहराई तक पानी के अंदर तलाश कर चुकी है, लेकिन आदिल का कोई पता नहीं चल पाया है।
एनडीआरएफ की टीम पानी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों की बढ़ी चिंता
हादसे को करीब 50 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का पता नहीं चलने से परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई है। परिजन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं और आदिल के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
वहीं, मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद है और पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रही है। फिलहाल एनडीआरएफ की टीम की तलाश जारी है।



