CG NEWS: प्रभारी मंत्री अरुण साव की समीक्षा बैठक, सड़कों की बदहाली से लेकर PM आवास तक पर सख्ती

Date:

बिलासपुर। जिले में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंथन सभा कक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, बारिश से खराब हुई सड़कों, बिजली व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गई।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होते ही स्वीकृत विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया जा सके, इसके लिए अभी से पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली जाए।

खराब सड़कों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश

बैठक में बारिश के कारण खराब हुई सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। प्रभारी मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब सड़कों के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी को जल्द दूर किया जाए।

उन्होंने जरूरी मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के साथ ही आगामी निर्माण कार्यों की तैयारी पहले से पूरी रखने को कहा, ताकि बारिश खत्म होते ही विकास कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

किसानों के लिए खाद-बीज की व्यवस्था की समीक्षा

खरीफ सीजन को देखते हुए बैठक में किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग ने अधिकारियों को मांग के अनुसार खाद की आपूर्ति, सुरक्षित भंडारण और वितरण व्यवस्था की जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री ने किसानों को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी बनी कार्ययोजना

बैठक में जिले की बिजली व्यवस्था और आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को संभावित समस्याओं से निपटने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को बिजली से जुड़ी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

PM आवास योजना सरकार की प्राथमिकता

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए अरुण साव ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ लगातार मिलना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों के कार्यों की समय-समय पर समीक्षा करने की जिम्मेदारी कलेक्टर को दी गई, ताकि स्वीकृत आवास समय पर पूरे हो सकें और पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।

जल जीवन मिशन पर भी हुआ मंथन

बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में हस्तांतरित योजनाओं के सुचारू संचालन को लेकर कार्ययोजना तैयार करने की जानकारी दी गई।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए काम में तेजी लाई जा रही है।

जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर भी हुई चर्चा

बैठक में जिले के विधायकों, महापौर और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों पर भी चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों को विकास कार्यों की योजना में शामिल करते हुए जिले के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

CG NEWS: नौकरी का झांसा देकर महिला को ले गए MP, 50 हजार में कराया सौदा; तीन आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से मानव तस्करी से...

भारी बारिश के अलर्ट के बीच अमरनाथ यात्रा पर ब्रेक, जम्मू से नया जत्था नहीं हुआ रवाना

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम और भारी बारिश की...