बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में आवारा मवेशियों को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फसल को नुकसान पहुंचाने वाले मवेशियों को भगाने के बाद ग्रामीणों के बीच हुए विवाद में लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला किया गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मस्तूरी थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
मवेशियों को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, ग्राम लिमतरा के कुछ ग्रामीण अपनी धान की फसल की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीणों ने वहां से भगाया। मवेशियों को ग्राम रलिया की ओर भारतमाला सड़क के पास छोड़कर ग्रामीण वापस लौट रहे थे।
बताया गया कि 20 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम रलिया के भारतमाला रोड पुल के पास कुछ लोगों ने ग्रामीणों को रोक लिया। आरोप है कि मवेशियों को अपनी ओर लाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते गाली-गलौज और धमकी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
इलाज के दौरान ग्रामीण की मौत
हमले में ग्राम लिमतरा निवासी उमेश बरगाह, मुंडूल केंवट और जीवन मेहर समेत अन्य लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
7 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजानंद पटेल (35), अजय चंद्राकर (28), अश्विनी पटेल (22), आलोक सिदार (18), कोमल चंद्राकर (22), लोमस चंद्राकर (19) और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू (29) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम रलिया, थाना मस्तूरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में एक अन्य आरोपी फरार है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।



