रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा अभियान तेज, मिठाई-डेयरी उत्पादों के लिए जाएंगे सैंपल

Date:

Sakti News: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ थीम के तहत यह सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। इस दौरान खाद्य कारोबारियों की दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन मिलने पर जब्ती और वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

मिठाई और डेयरी उत्पादों पर रहेगी खास नजर

रक्षाबंधन के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विभाग की टीम मिठाई, नमकीन, कन्फेक्शनरी, दूध से बनी मिठाइयों और अन्य डेयरी उत्पादों की विशेष जांच करेगी।

इसके अलावा ऐसे उत्पादों की भी पहचान की जाएगी, जिन पर सही लेबल नहीं है, सामग्री का विवरण नहीं दिया गया है या जिनके नाम और प्रस्तुतीकरण से उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जा सकता है।

बाजार से लेकर होटल-ढाबों तक होगी जांच

खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत शहरी थोक बाजारों के साथ-साथ मौसमी और अस्थायी मिठाई निर्माताओं पर भी निगरानी रखी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों, साप्ताहिक बाजारों, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

जांच के दौरान यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह पाया जाता है तो उसका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर संबंधित उत्पाद को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गैर-दुग्ध उत्पादों को लेकर विभाग ने किया अलर्ट

विभाग ने 31 जुलाई 2026 की राजपत्र अधिसूचना का हवाला देते हुए बताया कि ऐसे गैर-दुग्ध खाद्य उत्पाद, जो खुद को दूध या डेयरी उत्पाद के रूप में प्रस्तुत कर उपभोक्ताओं में भ्रम पैदा करते हैं, उनके निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लागू है।

हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी उत्पाद में केवल वनस्पति तेल या वनस्पति वसा की मौजूदगी के आधार पर उसे स्वतः प्रतिबंधित डेयरी एनालॉग नहीं माना जाएगा। उत्पाद की वास्तविक प्रकृति, नाम, सामग्री और उसके प्रस्तुतीकरण के आधार पर जांच की जाएगी।

कारोबारियों से नियमों का पालन करने की अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं उपभोक्ताओं से भी त्योहार के दौरान केवल सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक खाद्य पदार्थ खरीदने की अपील की गई है।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में...