Trending

बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला: IED ब्लास्ट में 9 जवान शहीद

Table of Content

नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। नक्सलियों ने जवानों के वाहन को विस्फोट कर उड़ा दिया है। 8 डीआरजी जवान और 1 ड्राइवर समेत 9 लोग शहीद हुए हैं।

लगातार सुरक्षाबलों से मात खाकर बौखलाए नक्सलियों ने एक बार फिर से कायराना हरकत कर दी है। बीजापुर जिले के कुटरू से बेदरे जाने वाले रास्ते पर जवानों की गाड़ी को निशाना बनाकर ब्लास्ट किया है। इस नक्सल ब्लास्ट में वाहन में सवार 8 डीआरजी जवान और 1 ड्राइवर समेत 9 लोगों के शहीद होने की प्राथमिक जानकारी मिली है। सभी जवान दंतेवाड़ा डीआरजी के बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के कुटरू से बेदरे के बीच अंबोली नाला पर बने पुल को ब्लास्ट से नक्सलियों ने उड़ाया है। ब्लास्ट की चपेट में वाहन आ गया।

सीएम साय ने किया ट्वीट
बीजापुर में ब्लास्ट को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर लिखा कि, कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने किया ट्वीट
बीजापुर में ब्लास्ट को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि, बीजापुर से आ रही खबर बेहद दुखद है। बीजापुर के कुटरू में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों के वाहन पर IED ब्लास्ट किया गया है। इस दुखद घटना में हमारे 8 जवान और एक वाहन चालक के शहीद होने की सूचना है। हम सब शहीदों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी शहादत को कोटि-कोटि सलाम करते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट हैं।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया ट्वीट
बीजापुर में ब्लास्ट को लेकर गृह मंत्री विजय शर्मा ने ट्वीट कर लिखा कि, बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों की कायराना करतूत में 8 जवानों सहित एक ड्राइवर के शहीद होने की खबर हृदयविदारक व अत्यंत ही दुःखद है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा को शांति घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की प्रार्थना करता हूं। अपार दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। भारत मां के वीर सपूतों का यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक मोड़ तक जारी रहेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया ट्वीट
बीजापुर के कुटरू मार्ग पर नारायणपुर-बीजापुर के संयुक्त ऑपरेशन पार्टी के जवानों के काफिले पर नक्सलियों के द्वारा हमले का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। इस हमले में 8 जवानों और एक वाहन चालक के शहीद होने की हृदयविदारक खबर प्राप्त हुई है। मैं शहीद जवानों के साहस और बलिदान को सादर नमन करता हूं। भगवान से उनकी आत्माओं की शांति, घायलों को शीघ्र-अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने एवं शोकाकुल परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

IED से वाहन को बनाया निशाना
उल्लेखनीय है कि, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साल 2026 तक बस्तर से नक्सलियों के खात्मे का टारगेट रखा है। वे इस बात को कई बार सार्वजनिक तौर भी कह चुके हैं। इसी अभियाने में जुटी फोर्स की टुकड़ी बीजापुर जिले में ऑपरेशन के लिए निकली थी। जवानों को वापस लाने के लिए भेजे गए वाहन में सवार होकर जब वे लौट रहे थे तभी नक्सलियों ने IED में विस्फोट कर वाहन को निशाना बनाया।

Alisha Rana

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved