रायपुर में रक्षाबंधन पर प्रस्तावित ‘शराब पार्टी’ रद्द, बजरंग दल के विरोध के बाद आयोजकों ने लिया फैसला

Date:

रायपुर। रक्षाबंधन के मौके पर रायपुर के अंबुजा मॉल में भाई-बहनों के लिए प्रस्तावित शराब पार्टी को विरोध के बाद रद्द कर दिया गया। इस आयोजन की ऑनलाइन बुकिंग और तैयारियों की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने इसका विरोध किया था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताते हुए आयोजन नहीं करने की चेतावनी दी थी।

जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन भाई-बहनों के लिए इस विशेष पार्टी का आयोजन प्रस्तावित था। इसकी तैयारियां कथित तौर पर इंटरनेट के माध्यम से की जा रही थीं और बुकिंग भी शुरू होने की बात सामने आई थी। आयोजन की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की।

विरोध के तहत बजरंग दल के कार्यकर्ता अंबुजा मॉल पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आयोजकों और क्लब प्रबंधन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। विरोध के बाद आयोजकों की ओर से कार्यक्रम रद्द करने का आश्वासन दिया गया।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक और पारंपरिक त्योहार के दिन इस तरह के आयोजन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने यह भी कहा कि कार्यक्रम को लेकर उसकी नजर बनी रहेगी। फिलहाल विरोध के बाद प्रस्तावित पार्टी को रद्द कर दिया गया है।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related