रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह में साप्ताहिक बाजार के दौरान शराब के नशे में विवाद करने और तीन लोगों पर ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 वर्षीय आरोपी सुभाष पन्ना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद किया गया है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे सोमा सिंकू अपने साथी बुधराम मुंडा के साथ तुमीडीह बाजार से लौट रहे थे। इंदिरा भवन के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और जेब से ब्लेडनुमा धारदार वस्तु निकालकर सोमा सिंकू और उनके साथी के गले के पास वार कर दिया। दोनों के घायल होने के बाद वे वहां से भागकर इंदिरा भवन पहुंचे।
तीसरे व्यक्ति को भी बनाया निशाना
घटना की जानकारी मिलने के दौरान आरोपी ने वहां मौजूद बुधन सिंह टियू पर भी ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में वह भी घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बरामद किया वारदात में इस्तेमाल ब्लेड
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के निधन के बाद क्रियाकर्म के लिए गृह ग्राम जा रहा था और तुमीडीह में पुराने परिचितों से मिलने के लिए रुका था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब पी रखी थी और इसी दौरान उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ब्लेड बरामद कर लिया। मामले में पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी सुभाष पन्ना, निवासी जशपुर और वर्तमान में कोरबा क्षेत्र में रहने वाले, को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि हिंसक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



