कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन गौवंश की मौत हो गई, जबकि एक मवेशी घायल हो गया। हादसा गुरुवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा पावर जनरेट ऑफिस के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।
चार मवेशियों को कार ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सड़क पर चार मवेशी मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया और मामला विवाद की स्थिति तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
बजरंग दल और गौसेवक पहुंचे मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य और गौसेवक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए नशे में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि सड़क पर मवेशियों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
लगातार हो रहे हादसों से उठ रहे सवाल
कोरबा जिले में सड़क हादसों में गौवंश की मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले ही दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एक भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। उस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर विरोध भी जताया था।



