चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी और उसमें करीब 18 यात्री सवार थे। चालुज मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
PM मोदी ने जताया गहरा दुख
हादसे में हुई मौतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
CM सुक्खू ने दिए मुफ्त इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को सभी 11 घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उनका समुचित एवं नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
वहीं, बीजेपी सांसद सुरेश कश्यप ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
हादसे की जांच में जुटा प्रशासन
पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे की वजह की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के अनियंत्रित होने के बाद यह दुर्घटना हुई, हालांकि हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
चंबा के दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की गई है।



