Site icon News Inc India

Vijay Mallya News: विजय माल्या ने कहा- ED ने मुझसे दोगुनी वसूली की, अब इंसाफ चाहिए

Vijay Mallya News: बैंकों के करोड़ों डकार कर ब्रिटेन में बैठा विजय माल्या अपने साथ ज्यादती होने की दुहाई दे रहा है। माल्या ने कहा है कि ED ने मुझसे दोगुनी वसूली की है। मुझे अब इंसाफ चाहिए।

Vijay Mallya News:बैंकों के करोड़ों डकार कर ब्रिटेन में बैठा विजय माल्या अपने साथ ज्यादती होने की दुहाई दे रहा है। भारत सरकार ने विजय माल्या को फरार आर्थिक अपराधी घोषित कर चुकी है। विजय माल्या ने अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में दिए गए जवाब के बाद एक बार फिर विक्टिम कार्ड खेला है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में संसद को बताया कि ईडी ने माल्या से 14,131 करोड़ रुपए की वसूली की है। इस पर विजय माल्या ने कहा है कि मैंने बैंक से सिर्फ 6,203 करोड़ रुपए का लोन लिया था। जांच एजेंसी से मुझसे दोगुनी रकम कैसे वसूल ली। अब मुझे इंसाफ मिलना चाहिए।

निर्मला सीतारमण ने संसद को दी थी जानकारी
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में संसद को ईडी के एक्शन में जब्त की गई संपत्तियों का ब्यौरा दिया था। सीतारमण ने बताया कि ईडी ने धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में 22,000 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। इनमें से 14,131 करोड़ रुपए विजय माल्या से रिकवर किए गए हैं। यह रकम बैंकों को लौटा दी गई है। इसके बाद विजय माल्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मेरे साथ अन्याय हुआ है।

माल्या ने ईडी पर लगाए गंभीर आरोप
विजय माल्या ने अपने पोस्ट में कहा कि किंगफिशर एयरलाइंस ने कुल 6,203 करोड़ रुपए लोन लिए थे। इस रकम में लोन के तौर पर ली गई रकम का ब्याज भी शामिल है। माल्या ने कहा कि ईडी ने मुझसे दोगुनी रकम वसूली है। अगर सरकार और इडी रिकवरी की प्रक्रिया को कानून तौर पर साबित नहीं कर सकती, तो मैं इंसाफ का हकदार हूं। मैं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहूंगा।

कैसे हुई 14,131 करोड़ रुपये की वसूली?
बता दें कि विजय माल्या के खिलाफ ईडी ने 2015-16 में धोखाधड़ी और साजिश के आरोपों में मामला दर्ज किया था। विजय माल्या पर शेल कंपनियों के जरिए रुपए का लेन देने करने और रुपए विदेश भेजने का आरोप था। जांच में ईडी ने विजय माल्या की 11,290 करोड़ रुपए के क्रिमिनल इनकम का पता लगाया। साथ ही 5,040 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर ली। साल 2019 में सरकार ने विजय माल्या को भगोड़ा घोषित कर दिया। इसके बाद ईडी को माल्या की संपत्तियों को जब्त करने का अधिकार मिल गया था।

विदेशी संपत्तियों पर भी कसा शिकंजा
ईडी ने विदेशों में स्थित माल्या की काली कमाई पर भी शिकंजा कसा है। जांच एजेंसी ने 2016 से 2020 के बीच आठ देशों में माल्या की अवैध संपत्तियों को जब्त किया है। इनमें फ्रांस की संपत्ति भी शामिल है। ईडी ने कुल 8 देशों को विजय माल्या की अवैध संपत्तियों को जब्त करने का अनुरोध भेजा है। बता दें कि विजय माल्या के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहे एक विशेष कोर्ट ने ईडी को माल्या की जब्त की गई 14,130 करोड़ रुपए की संपत्तियां बैंकों को वापस करने का निर्देश दिया था। बता दें कि यह रकम माल्या की काली कमाई का 25 फीसदी है।

भारत सरकार कर रही है माल्या के प्रत्यर्पण की कोशिश
माल्या के प्रत्यर्पण का मामला फिलहाल ब्रिटेन की अदालत में लंबित है। ब्रिटेन सरकार ने माल्या को भारत प्रत्यर्पित करने को मंजूरी दे दी है। हालांकि, कुछ कानूनी प्रक्रियाओं की वजह से माल्या को भारत लाने में देरी हो रही है। इस बीच ईडी और बैंक दोनों ही माल्या की अवैध संपत्तियों की नीलामी कर उससे वसूली करने की कोशिशों में जुटी है। ईडी ने जहां अवैध संपत्तियों को जब्त किया है, वहीं बैंक माल्या की अचल संपत्तियों की नीलामी कर पैसे रिकवर कर रहे हैं।

Exit mobile version