कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे एक 24 वर्षीय युवक के गहरे पानी में छलांग लगाने के बाद लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच लगी शर्त के चलते रंजीत यादव ने बांध के पानी में छलांग लगाई थी। घटना के करीब 48 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। अब युवक की तलाश के लिए NDRF की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत यादव अपने दोस्तों के साथ मिनीमाता बांगो बांध घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच बांध के पानी में छलांग लगाकर ज्यादा दूर तक पहुंचने को लेकर शर्त लगी। इसी शर्त के चलते रंजीत ने गहरे पानी में छलांग लगा दी। पानी में जाने के बाद वह दोबारा नजर नहीं आया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज भी आया सामने
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक के बांध के पानी में छलांग लगाने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।
जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम और गोताखोरों ने बांध के आसपास काफी देर तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने और पानी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा। इसके बाद प्रशासन ने NDRF की मदद मांगी।
NDRF ने संभाली तलाश की कमान
सोमवार सुबह NDRF की टीम बांगो पहुंची और आधुनिक उपकरणों के साथ दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम बांध के गहरे पानी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में युवक की तलाश कर रही है।
94 फीसदी तक पहुंचा बांध का जलस्तर
इधर, युवक की तलाश के बीच बांगो बांध में पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर करीब 94 फीसदी तक पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध के कई गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अब तक 9 गेट खोले जा चुके हैं।
टरबाइन के जरिए पानी छोड़ने सहित बांध से कुल करीब 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इससे आसपास के नदी-नालों में भी जलस्तर बढ़ने लगा है।
नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बांध और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। तटीय इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है।
कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में हरदेव नदी के किनारे बसे करीब 10 घरों में पानी पहुंचने की सूचना है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं।
रेस्क्यू के साथ निचले इलाकों पर भी नजर
कोरिया और सूरजपुर क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद बांगो बांध में पानी की आवक बढ़ी है। ऐसे में प्रशासन के सामने एक ओर लापता युवक की तलाश पूरी करने की चुनौती है, वहीं दूसरी ओर बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण निचले इलाकों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।



